कानपुर। भैरोघाट पंपिंग स्टेशन की दिनभर बिजली गुल रहने से शाम को करीब 20 लाख शहरवासियों को पानी की किल्लत हुई। तमाम लोग पड़ोसियों के सबमर्सिबल या सार्वजनिक सबमर्सिबल से पानी भरने के लिए मजबूर रहे।
जलकल विभाग ने सुबह सामान्य रूप से पानी की आपूर्ति की। इसके बाद सुबह नौ बजे केस्को ने भैरोघाट पंपिंग स्टेशन विद्युत आपूर्ति रोककर वहां लगे ट्रांसफार्मर की मरम्मत शुरू की। केस्को ने शाम पांच बजे यह काम पूरा करने का दावा किया था, पर डेढ़ घंटे विलंब से काम हो पाया।
करीब 7:30 बजे ट्रांसफार्मर से भैरोघाट पंपिंग स्टेशन का कनेक्शन जोड़ा गया। फिर वहां से राइजिंग मेन (मुख्य पाइपलाइन) के माध्यम से बेनाझाबर वाटर वर्क्स में आठ बजे पानी पहुंच पाया। इससे सुबह से देर शाम तक बेनाझाबर वाटर वर्क्स से जुड़ीं ज्यादातर टंकियों में पानी नहीं पहुुंच पाया।
हालांकि लोअर गंगा केनाल से दिनभर में मिले करीब ढाई करोड़ लीटर पानी को ही शोधित कर आसपास की कुछ टंकियों में भेजा गया, पर वह भी नाकाफी साबित हुआ। जलकल विभाग के महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी ने बताया कि केस्को ने दिनभर भैरोघाट पंपिंग स्टेशन के ट्रांसफार्मर की मरम्मत की। रात नौ बजे आपूर्ति शुरू की गई।