अभ्यर्थी के लिए यह बहुत जरूरी है कि वो इंटरव्यू बोर्ड के सदस्यों के सवालों का सटीक जवाब दे। बातों में उलझाए नहीं। मौका मिले तो अपनी खूबी के बारे में बताए। यह मैसेज दे कि वो उनकी कंपनी के लिए क्यों जरूरी है। वो कंपनी को क्या खास दे सकता है।
चार्टर्ड एकाउंटेंट संस्थान के सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल के चेयरमैन दीप कुमार मिश्रा ने नए नवेले चार्टर्ड एकाउंटेंटों को ये टिप्स दिए। बुधवार को कानपुर, लखनपुर स्थित चार्टर्ड अकाउंटेंट संस्थान में कैंपस प्लेसमेंट के लिए इंटरव्यू होंगे। उन्होंने बताया कि नई नौकरी पाने के लिए इंटरव्यू के पहले पांच से सात मिनट सबसे अहम होते हैं।
इन्हीं पांच मिनट में किसी कंपनी में सेलेक्शन की 60 फीसदी गुंजाइश तय हो जाती है। इंटरव्यू रूम में प्रवेश करने से लेकर पहला सवाल पूछने तक इंटरव्यू बोर्ड के सदस्य अभ्यर्थी को पूरी तरह स्कैन कर लेते हैं। इन्हीं पांच से सात मिनट में बातचीत का तरीका, कार्य व्यवहार और लहजा पढ़ लिया जाता है। इसलिए अपना व्यवहार संयम पूर्ण रखें।