कानपुर। मेरे बच्चों, रणभूमि में खेलने से पहले मनोभूमि में खेला जाता है...महाभारत सीरियल के शकुनि प्रणीत भट्ट का यह डायलॉग सुनकर भक्तों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया। वे कल्याणपुर केशवपुरम स्थित पार्क में शिव परिवार की ओर से आयोजित शिव महापुराण कथा में शनिवार को विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
उन्होंने कश्मीर को अखंड भारत का शीश बताते हुए कहा कि कश्मीर में हिंदुओं की स्थितियां आज भी बेहद खराब हैं जो किसी से छिपा नहीं है। वहीं कथा में शनिवार को आचार्य योगेश अवस्थी ने शिव पार्वती विवाह का वर्णन किया। आयोजन स्थल से शिव बारात निकाली गई जिसमें शामिल भक्तों ने खूब नृत्य किया। इस दौरान पुष्प वर्षा की गई। प्रणीत भट्ट ने भी यहां कथा सुनी। आचार्य योगेश अवस्थी ने बताया कि शनिवार को कथा के छठे दिन 11 सौ रुद्राक्ष का वितरण भक्तों में किया गया है। रविवार को कथा के समापन के दौरान खजाना वितरण किया जाएगा। इस दौरान सत्यम दीक्षित, जगमोहन त्रिपाठी, ज्योति, पुत्तन अग्निहोत्री मौजूद रहे।