एटीएम से पैसे उड़ाने वाले एक गिरोह का सरगना कुछ ही समय में करोड़पति बन बैठा। इसका खुलासा गुरुवार को हुआ। पुलिस के हत्थे चढ़े गिरोह के एक सदस्य ने सरगना का भंडाफोड़ किया।
उसने बताया राजस्थान के एटीएम से 17 लाख रुपये निकालने के बाद गिरोह का सरगना प्रमोद पासी कुछ ही समय में करोड़पति बन बैठा है। गिरोह के सदस्य रवि ने नौबस्ता पुलिस को यह बात बताई। इसके अलावा उसने सरगना समेत पांच और साथियों के नाम कबूले हैं। सभी बौद्ध नगर के रहने वाले हैं।
नौबस्ता पुलिस ने अन्य आरोपियों की तलाश में शुक्रवार देर रात दबिश जारी रखी। वही, सूत्रों के मुताबिक दोपहर में दबिश के दौरान गिरोह का सरगना प्रमोद और धर्मेंद्र पुलिस के हत्थे चढ़ने से पहले ही भाग निकले।
राजस्थान पुलिस के मुताबिक प्रमोद और धर्मेंद्र साथियों के साथ लग्जरी गाड़ियों से दूसरे राज्यों में जाते थे। वहां एटीएम से रुपये निकालने का काम करते थे, जबकि अन्य साथियों का काम निगरानी का होता था।
रवि के मुताबिक एटीएम कार्ड लगाकर रुपये की फीडिंग के बाद रुपये निकलने की प्रक्रिया होने पर नोट निकलने के पहले ही एटीएम मशीन की पॉवर सप्लाई बंद कर देते थे। नोट निकालने के बाद फिर पॉवर सप्लाई को चालू कर दिया जाता था। रवि के मुताबिक राजस्थान के साथ उन लोगों ने गुजरात, महाराष्ट्र समेत अन्य कई राज्यों में घटनाओं को अंजाम दिया है।