रसूलाबाद। रसूलाबाद विकासखंड के इटैली ग्राम पंचायत के मजरा मऊ में जर्जर पड़े तालाब के सुंदरीकरण कार्य गुरुवार से शुरू कराया गया है। जिला पंचायत सदस्य जगदेव कुरील ने इसका शुभारंभ किया।
जिला पंचायत सदस्य ने कहा कि तालाबों का सुंदरीकरण केवल सौंदर्य बढ़ाने तक सीमित नहीं है। यह पर्यावरण संरक्षण और जल संचयन की दिशा में भी बेहद जरूरी कदम है। उन्होंने बताया कि तालाबों के संरक्षण से जल संकट कम होगा और गांव की स्वच्छता व सुंदरता में सुधार होगा। इस योजना के तहत तालाब की सफाई, गहरीकरण, किनारों का सुदृढ़ीकरण और आसपास हरियाली विकसित की जाएगी। तालाब की लंबाई लगभग 150 मीटर और चौड़ाई 52 मीटर है। इसे जिला पंचायत निधि से विकसित किया जा रहा है। ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि तालाब के सुंदरीकरण से गांव की तस्वीर बदलेगी। इससे भविष्य में जल संकट से राहत मिलेगी। यहां प्रधान विनीता देवी, सचिव अखिलेश यादव, समाजसेवी जेल सिंह आदि मौजूद रहे।