इस बात पर दोनों पक्षों की ओर से गालीगलौज के साथ मारपीट शुरू हो गई। इस बीच दोनों पक्षों से कई लोग आ गए। इनमें लाठी-डंडे, सरिया और धारदार हथियार चलने लगे। घटना में आरिफ फारुकी घायल हो गए। दूसरी तरफ से सभासद रानू कुरैशी को भी चोटें आई हैं। इस मामले में कस्साबान निवासी नफीस फारुकी ने सभासद रानू कुरैशी, उनके भाई शाहरुख, आमिर, सलमान व शानू कुरैशी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आरोप है कि वह अपने भाई की दुकान पर बैठे थे। तभी रानू अपने भाइयों के साथ दुकान में घुस आए। यह गालीगलौज करते हुए मारपीट करने लगे। हमलावरों ने उसके भाई आरिफ फारुकी पर चाकू से हमला कर दिया। इससे आंख व कान के पास घाव हो गया। इन लोगों ने उसके भाई को जान से मारने की नीयत से हमला किया है। बाद में जानमाल की धमकी देते हुए भाग गए। तहरीर के आधार पर सभासद व उनके भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज कर घायल को डॉक्टरी परीक्षण के लिए सौ शैय्या अस्पताल भेज दिया गया।
सभासद रानू कुरैशी ने बताया कि सुबह 10 बजे वह जामा मस्जिद इबादत के लिए जा रहे थे। रास्ते में दुकान पर बैठे सपा नेता राशिद फारुकी, उनके भाई आरिफ फारुकी व एक अन्य अज्ञात ने पहले आपत्तिजनक टिप्पणी की, फिर लोहे की रॉड से उन पर हमला बोल दिया। चीखपुकार सुनकर कुछ लोग बचाने आए। तब यह जान से मारने की धमकी देते हुए तमंचा लहराकर भाग गए।
सभासद ने बताया कि राशिद फारुकी ने नगरपालिका की सड़क पर अवैध कब्जा व अतिक्रमण कर लिया है। इसकी ईओ से शिकायत की गई थी। इसी रंजिश को लेकर जानलेवा हमला किया गया। उन्होंने राशिद और आरिफ फारुकी के साथ ही कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी बलराम मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। एक पक्ष की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दूसरे पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलती है तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।