यूपी के इटावा जिले में बसरेहर थानाक्षेत्र के सिरसा गांव में करीब आधा दर्जन ग्रामीणों ने मंगलवार की देर रात मानसिक रोगी अधेड़ को भैंस चोर समझकर पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस ने घटनास्थल की जांच पड़ताल करने के बाद एक आरोपी हिरासत में ले लिया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
बसरेहर के नगला बाग पोस्ट कुसना निवासी किसान नाथूराम का इकलौता बेटा नेत्रपाल सिंह (42) मानसिक रोगी था। वह अपने ही खेत में काम करता था। मृतक के चाचा सोबरन सिंह ने बताया कि मंगलवार रात करीब नौ बजे नेत्रपाल बिना बताए घर से निकल गया था। रात करीब दो बजे के बाद परिजनों को फोन पर भतीजे के साथ गांव सिरसा में मारपीट होने की जानकारी मिली।
परिजन घर से तीन किलोमीटर दूर स्थित गांव सिरसा पहुंचे, यहां पर ग्रामीणों ने बताया कि नेत्रपाल को आधा दर्जन लोगों ने पीट-पीटकर अधमरा कर दिया है। परिजन उसे बसरेहर सीएचसी लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। शरीर पर चोटों के निशान थे।
एसपी ग्रामीण ओमवीर सिंह ने बताया कि भैंस चोर समझकर ग्रामीणों ने उसके साथ मारपीट की थी। परिजनों की तहरीर के आधार पर बृजेश समेत तीन नामजद व कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। बसरेहर पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है और अन्य की तलाश की जा रही है।