अचानक वाहनों की दिशा बदलने, चालकों के रास्ता पूछने और वैकल्पिक मार्गाें पर अचानक से वाहनों का दबाव बढ़ जाने से जाम लग गया। कई वाहन चालकों ने अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर लिए। इससे हालात और बिगड़ गए। ऐसे में कार, बस और छोटे वाहन लंबी कतारों वाले जाम में फंस गए। लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में कई किमी का चक्कर भी लगाना पड़ा। नौबस्ता में जहां वाहन सवारों को कई घंटे जाम में जूझना पड़ा। वाहन चालकों का कहना था उन्हें डायवर्जन की जानकारी नहीं थी। ऐसे में बीच रास्ते से वापस लौटने पर रुपये और ईंधन दोनों की बर्बादी हुई।
आज भी यहां रहेगा डायवर्जन
- इटावा, औरैया की ओर से लखनऊ होकर गोरखपुर जाने वाले भारी वाहनों को रामादेवी चौराहे से चौडगरा, फतेहपुर से लालगंज, बछरावां (रायबरेली) होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जा रहा है।
- हमीरपुर, महोबा, बांदा और झांसी की ओर से आने वाले भारी वाहनों को आनूपुर मोड़ से परास मोड़, जहानाबाद, चौडगरा और फतेहपुर होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जा रहा है।
- शिवराजपुर, बिठूर और चौबेपुर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को परियर पुल के रास्ते उन्नाव की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहन सीधे अरौल से लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे होकर अपने गंतव्य तक जाएंगे।
डायवर्जन के बारे में काफी पहले से लोगों को जागरुक किया जा रहा है। इसके बावजूद लोग डायवर्जन पाॅइंट तक जा पहुंचे और पुलिस कर्मियों की बातों को अनसुना कर आगे जाने देने की बात कहते रहे। इसके चलते जाम के हालात बन गए। - रवींद्र कुमार, डीसीपी ट्रैफिक