विकास दुबे के एनकाउंटर के छह महीने बाद बिकरू गांव में आने वाले पंचायत चुनाव को लेकर वर्चस्व की जंग शुरू हो गई है। शुक्रवार की शाम एक भंडारे के आयोजन में दो गुटों में मारपीट हो गई। बवाल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं विकास के चचेरे भाई समेत गांव के 16 लोगों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई है।
2 जुलाई की रात दबिश के दौरान 8 पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद एनकाउंटर में मारे गए विकास दुबे का खौफ खत्म होने के ढाई दशक के बाद अब पंचायत चुनाव को लेकर सरगर्मी दिखने लगी है। गांव में चुनाव की तैयारी कर रहे गुट वर्चस्व को लेकर दखलअंदाजी करने लगे हैं। शुक्रवार को गांव के ही डिब्बा निवादा के पास भंडारे का आयोजन किया गया था यहां गांव की अजीत यादव व अनुराग दुबे के समर्थक मनोज के बीच कहासुनी के बाद झगड़ा शुरू हो गया।
दोनों पक्षों में मारपीट शुरू होने पर एक दूसरे गुट के लोग जमा हो गए इधर गांव में बवाल की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गांव के मनोज, मोनू, राजेंद्र ,नन्हे, प्रदीप व अजीत यादव को हिरासत में लिया। झगड़े के दौरान चार लोगों को मामूली चोटें आई हैं पुलिस के मुताबिक अभी दोनों पक्षों की ओर से तहरीर नहीं मिली है, लेकिन गांव में पंचायत चुनाव को लेकर सरगर्मी बढऩे पर नजर रखी जा रही है।