अधिकारियों ने लिया जायजा, सुरक्षा चाक-चौबंद
रविवार दोपहर उपजिलाधिकारी अनुभव सिंह, पुलिस उपायुक्त पश्चिम कासिम आबिदी और ACP कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने बिठूर के घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी मनीष चौधरी को निर्देश दिए कि घाटों पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त रोशनी, सफाई और सुलभ शौचालयों की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
सुरक्षा घेरे में बिठूर: निजी नावों पर रोक
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ पीएसी और जल पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गंगा में निजी नावों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना को टाला जा सके।
आध्यात्मिक महत्व: राजा भागीरथ की तपस्या का दिन
आचार्य कालीचरण दीक्षित के अनुसार, इसी पावन तिथि पर राजा भागीरथ की घोर तपस्या से प्रसन्न होकर माँ गंगा स्वर्ग से धरती पर अवतरित हुई थीं। बिठूर में जालौन, कालपी, बांदा, हमीरपुर, इटावा, महोबा, उरई और कानपुर के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु स्नान, दान और पूजन के लिए आते हैं। मान्यता है कि इस दिन गंगा स्नान से जीवन में शांति और शुद्धि आती है।
ट्रैफिक एडवाइजरी: यहाँ खड़े होंगे आपके वाहन
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने रूट डायवर्जन और पार्किंग के कड़े इंतजाम किए हैं:
-
भारी वाहन: रानी लक्ष्मीबाई चौराहे से पहले साईं दरबार के पास रोके जाएंगे।
-
चौबेपुर रूट: इस ओर से आने वाले वाहन शनिदेव चौराहे के पहले पार्किंग में खड़े होंगे।
-
कल्याणपुर रूट: यहाँ से आने वाले वाहनों को रानी लक्ष्मीबाई चौराहे से 500 मीटर पहले ही रोक दिया जाएगा।