कानपुर में ग्लाइडर्स इंडिया लिमिटेड (जीआईएल) की इकाई आयुध पैराशूट निर्माणी (ओपीएफ) ने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर अभियान में लंबी छलांग लगाई है। पहली बार देश में होवर क्राफ्ट बनाने की प्रकि्रया जारी है। इसमें कंपनी क्राफ्ट का बेस सिस्टम तैयार करेगी। इसके लिए कंपनी को इंडियन रबर मैन्यूफैक्चरिंग रिसर्च इंस्टीट्यूट से क्राफ्ट की टेस्टिंग क्लीयरेंस मिल गई है। कंपनी बेस सिस्टम का एक सेट तैयार करके इस साल कोस्ट गार्ड को देगी।
होवर क्राफ्ट बनाने के लिए जीआईएल, इंडियन कोस्ट गार्ड, इंडियन रबर मैन्यूफैक्चरिंग रिसर्च इंस्टीट्यूट और भारतीय नौवहन रजिस्टर की टीम बनाई गई थी। होवर क्राफ्ट पानी, जमीन, कीचड़ और घास पर चलने में सक्षम और समुद्र या विशेष ऑपरेशन में मददगार साबित होता है। अभी तक होवर क्राफ्ट विदेश से आयात किए जाते थे। जीआईएल की इकाई आयुध पैराशूट निर्माणी में क्राफ्ट का बेस सिस्टम तैयार किया जाएगा। क्राफ्ट के बेस सिस्टम में 6 सेगमेंट लगते हैं। इसमें स्टैंडर्ड ओपेन और क्लोज सेगमेंट, कॉर्नर ओपेन और क्लोज सेगमेंट के अलावा इनर लूप और आउटर लूप सिस्टम होता है।