रूरा। क्षेत्र के बरौला गांव की रविवार को गुल हुई बिजली। तीसरे दिन मंगलवार को भी बहाल नहीं हो सकी। जबकि निगम कर्मी मंगलवार को बिजली आपूर्ति बहाल करने का दावा कर रहे थे। अब खेत में फसल लगी होने से पोल ले जाने में बाधा का तर्क दिया जा रहा है।
रूरा उपकेंद्र से बरौला गांव में बिजली आपूर्ति होती है। रविवार भोर में आंधी संग बारिश के दौरान बबूल का पेड़ तारों पर गिर गया। तीन पोल टूट गए थे। 11 केवी लाइन क्षतिग्रस्त होने गांव की बिजली गुल हो गई। गांव में तीस घरों में बिजली कनेक्शन हैं। करीब 150 लोगों की आबादी को तीन दिन से बिना बिजली आपूर्ति के गुजर बसर करना पड़ रहा है। पेयजल किल्लत भी बनी है। वहीं मोबाइल फोन चार्ज करने दूसरे गांव जाना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि बिजली निगम कर्मियों ने मंगलवार को पोल लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने का वादा किया था। मगर अब खेत में गेहूं की फसल लगी होने से पोल पहुंचने में बाधा का तर्क दिया जा रहा है। इन हालात में बुधवार को भी बिजली आपूर्ति बहाल हो पाएगी इसमें संशय बना है। जेई नीतिल उपाध्याय ने बताया कि जहां पोल टूटे है। वहां जाने का रास्ता नहीं है। खेत में गेहूं की फसल लगी है। किसानों ने बुधवार को फसल काट लेने की बात कही है। इसके बाद पोल लगवाए जाएंगे।