सीओपी कार्ड और क्यूआर कोड स्लिप जरूरी
मतदान करने के लिए मतदाता के पास यूपी बार काउंसिल द्वारा जारी सर्टिफिकेट ऑफ प्रैक्टिस कार्ड व बार एसोसिएशन द्वारा जारी क्यूआर कोड स्लिप होना जरूरी है। इनकी मूल प्रति देखी जा रही है। बिना इसके किसी भी मतदाता को मतदान स्थल पर प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई है किसी भी कीमत पर इनके बिना कोई मतदाता मतदान नहीं कर सकेगा।
सीसीटीवी कैमरे व ड्रोन से हो रही निगरानी
मतदान में किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी किसी भी बूथ पर न हो सके इसके लिए चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। हर बूथ पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ ही प्रवेश व निकास द्वारों पर भी सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा सड़क पर निगरानी के लिए एक ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल भी किया जा रहा है जो हर एक गतिविधि पर नजर रख रहा है।
1000 पुलिसकर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था
सुरक्षा के मद्देनजर कोतवाली समेत कई थानों का फोर्स लगाया गया है। लगभग 1000 पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किए गए हैं। कोतवाली के एसीपी व डीसीपी समेत कई आला अधिकारी खुद मौका मुआयना कर रहे हैं।
जुलूस व नारेबाजी से प्रचार चरम पर
कचहरी से लेकर मतदान स्थल तक दोनों ओर की सड़कें पोस्टर बैनर व होर्डिंग्स से पटी पड़ी हैं। मतदाताओं को रिझाने के लिए प्रत्याशी व उनके समर्थक तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। पैर छूकर बुजुर्गों का आशीर्वाद और गले मिलकर युवाओं का साथ पाने की कोशिश की जा रही है।