कानपुर देहात। एकीकृत बार एसोसिएशन के चुनाव में अध्यक्ष और महामंत्री पद पर तीन-तीन दावेदार मैदान में आ गए हैं। शुक्रवार को नाम वापसी में अध्यक्ष व महामंत्री पद का कोई प्रत्याशी पीछे नहीं हटा। सभी ने खुलकर ताल ठोंक दी है। अब 26 फरवरी को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा।
माती स्थित कचहरी में एकीकृत बार एसोसिएशन की चुनावी प्रक्रिया चल रही है। गुरुवार को एल्डर कमेटी के समक्ष अध्यक्ष पद के लिए लक्ष्मीशंकर मिश्रा, संपत लाल यादव व राधेश्याम कटियार ने नामांकन किया था। शुक्रवार को नाम वापसी का मौका था। लेकिन तीनों दावेदारों में किसी ने नाम वापस नहीं लिया। इससे अध्यक्ष पद पर कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद जताई जा रही है।
महामंत्री पद में संजय सिंह सिसौदिया, हर्ष कुमार यादव व अरविंद सिंह कुशवाहा तीनों प्रत्याशी मैदान में डटे हैं। मंत्री पद के लिए मनवीर सिंह पाल, संजीव पांडेय, कौशल गौतम, वीरेंद्र सिंह कटियार, ज्योती सिंह, खुर्शीद अहमद मैदान में है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर एक ही नामकंन नीरज सिंह सेंगर का है। नाम वापसी के समय के बाद एल्डर कमेटी के चेयरमैन लखनलाल अग्रवाल, लाल मोहम्मद, केसी चतुर्वेदी, रमेश पांडेय ने कनिष्ठ उपाध्यक्ष, संयुक्त मंत्री व आडीटर समेत सभी पदों पर प्रत्याशियों की फाइनल सूची एल्डर कमेटी ने जारी कर दी है। एकीकृत बार के अध्यक्ष रणधीर सिंह सिसौदिया, महामंत्री प्रदीप पांडेय मौजूद रहे।