नोटिस लेने में आनाकानी करने की वजह से बैंक अब व्हाट्सऐप से नोटिस भेज रहे हैं। यूपी के कानपुर शहर की एक एचडीएफसी बैंक ने इसकी शुरुआत भी कर दी है। वहीं सरकारी बैंकें भी इस पर अमल करने की दिशा में विचार कर रही हैं।
एचडीएफसी बैंक के एक अधिकारी ने बताया कि सुप्रीमकोर्ट और हाईकोर्ट की रूलिंग में कहा गया कि प्रतिवादी पर समन या नोटिस तामीला न होने पर व्हाट्सऐप, एसएमएस या ई-मेल के माध्यम से भेजा जा सकता है। यह समन या नोटिस तामीला का इलेक्ट्रानिक मोड है।
इसी को आधार बनाकर ऐसे ग्राहकों को व्हाट्सऐप से नोटिस भेजने शुरू कर दिए हैं, जो नोटिस लेने में आनाकानी करते हैं। इसके अलावा इस प्रक्रिया में बैंक का भी समय बचेगा और नोटिस की प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी। नोटिस न लेने वालों पर भी कानूनी दबाव पड़ेगा।
वहीं एसबीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इलेक्ट्रानिक मोड के माध्यम से नोटिस भेजने की दिशा में उच्च अफसरों से बातचीत की जा रही है। उम्मीद है कि सरकारी बैंक भी इस दिशा में जल्द आगे बढ़ सकेंगे। व्हाट्सऐप या ई-मेल से नोटिस भेजना एक बेहतर प्रक्रिया साबित हो सकती है।