कानपुर। कोरोना संक्रमण की वजह से सरकार की ओर से दी गईं कई छूट 30 जून से खत्म हो जाएंगी। यानी एक जुलाई से बैंकिंग सेक्टर में भी कई नियम बदलने वाले हैं। सबसे बड़ा बदलाव तो यही है कि अब खाताधारकों को अपने खाते में न्यूनतम बैलेंस रखना पड़ेगा। अलग-अलग बैंकों में शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के लिए अलग-अलग सीमा है।
कोरोना संकटकाल में वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने हर बैंक में बचत खाते में औसत न्यूनतम बैलेंस की अनिवार्यता खत्म कर दी थी। हालांकि यह व्यवस्था सिर्फ अप्रैल से जून महीने तक के लिए थी। इन तीन महीनों में किसी के खाते में न्यूनतम बैलेंस होने पर कोई कटौती नहीं होनी थी। अब एक जुलाई से खाते में न्यूनतम बैलेंस रखना होगा। इसी तरह एटीएम से पैसा निकालने का नियम भी बदल जाएगा। यानी लॉकडाउन और कोरोना के कारण लोगों को एटीएम से कैश निकालने के नियम में जो राहत दी गई थी वो एक जुलाई से नहीं मिलेंगी। सरकार ने एटीएम से पैसा निकालने के लिए सभी ट्रांजेक्शन चार्ज हटा लिए थे।
बचत खातों पर पीएनबी कम देगा ब्याज : पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने अपने बचत खाताधारकों को एक जुलाई से कम ब्याज देगा। बचत खातों में मिलने वाली ब्याज दर में .50 फीसदी की कटौती की जानी है। ये कटौती एक जुलाई से लागू होगी। इसके बाद बैंक के बचत खाते पर अधिकतम 3.25 फीसदी का सालाना ब्याज मिलेगा। पीएनबी के बचत खाते में 50 लाख रुपये तक जमा पर तीन फीसदी सालाना और 50 लाख से ज्यादा जमा पर 3.25 फीसदी सालाना की दर से ब्याज मिलेगा।