मंगलवार सुबह यूपी के औरैया में सेंट्रल बैंक शाखा की चहारदीवारी धक्कामुक्की से धराशायी हो गई। मलबे के नीचे दबकर कई लोग बुरी तरह से घायल हो गए। रुपये निकालने आये एक वृद्ध की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
मंगलवार की सुबह कंचौसी (औरैया) कस्बा स्थित सेंट्रल बैंक की शाखा में ग्राहक नगद निकासी के लिए लाइन में लगे थे। इसी बीच धक्का मुक्की में चहारदीवारी भरभराकर गिर गई। चहारदीवारी की चपेट में आकर करीब एक दर्जन लोग चुटहिल हो गए। मिजाजी लाल(55) ईंटों में दबकर गंभीर घायल हो गए। हाथ व पैर में काफी चोटें आईं। इन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाकी ने अस्पताल पहुंचकर मरहम पट्टी करवाई। बैंक में कई दिनों से कैश नहीं था। करेंसी आने पर खासी भीड़ थी। इससे सुबह से ही लंबी कतार लग गई थी। भीड़ के धक्का मुक्की करने पर चहारदीवारी गिर गई। चौकी इंचार्ज एसपी सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर बैंक में पुलिस लगा दी गई। लाइन लगवाकर कैश का वितरण कराया गया।