बैंकों के प्रति लोगों का रुझान बढ़ाने के लिए सरकार की ओर से तमाम प्रयास किए जा रहे हैं। लेकिन, वही बैंक जब आपके धन को सुरक्षित न रख सके तो हैरत होती है। ऐसा ही एक मामला रूरा कस्बे की बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में सामने आया है। बैक कर्मियों ने एक खाता संख्या पर दो अलग-अलग लोगों को पास बुकें जारी कर दी। घटना यूपी के कानपर देहात की है।
रूरा कस्बा स्थित बैंक आफ बड़ौदा शाखा में बाजार वार्ड निवासी धर्मेंद्र कुमार पुत्र मातादीन ने 2015 में जनधन खाता खुलवाया। उसी दिन बाजार वार्ड के ही एक अन्य धर्मेंद्र कुमार पुत्र रामऔतार ने जनधन खाता खुलवाया। बैंक कर्मियों की लापरवाही से सिर्फ धर्मेन्द्र कुमार पुत्र माता दीन का खाता खोल कर दोनों को एक ही खाता संख्या की पास बुक जारी कर दी गई। धर्मेंद्र कुमार पुत्र मातादीन कानपुर में प्राइवेट नौकरी करने के चलते खाता में लेन देन नहीं कर सका जबकि अन्य व्यक्ति उस खाते को संचालित करता रहा।