बांगरमऊ उपचुनाव में मंगलवार को वोट डाले जाएंगे। सभी मतदाता सुबह सात से शाम छह बजे तक अपना वोट डाल सकते हैं। जिला प्रशासन ने मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पोलिंग पार्टियां मतदान बूथों पर पहुंच चुकी हैं। पुलिस बल ने भी मोर्चा संभाल लिया है।
बांगरमऊ के 3.43 लाख मतदाता दस प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में बांगरमऊ में 59.90 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। जिला प्रशासन के सामने इस बार मतदान प्रतिशत बढ़ाने की चुनौती है।
डीएम रवींद्र कुमार ने विधान सभा क्षेत्र के सभी मतदाताओं से अपील की है कि बिना किसी डर व लालच के मतदान करें। वोट का महत्व पहचानें। हर बूथ पर रिकार्ड वोटिंग हो। उधर, मतदाता दस प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
बांगरमऊ में मतदाताओं की संख्या तीन लाख 43 हजार आठ है। इनमें पुरुषों की संख्या 187397 और महिलाओं की संख्या 155580 है। 507 मतदान केंद्र और 299 बूथ बनाए गए हैं।
ये प्रत्याशी मैदान में
सुरेश पाल (सपा), श्रीकांत कटियार (भाजपा), आरती बाजपेयी (कांग्रेस), महेश पाल (बसपा), रामकरन (भारतीय वंचित समाज पार्टी), राम प्रकाश (राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी), उमर खान (नागरिक एकता पार्टी), आशुतोष पांडेय (मेरा अधिकार राष्ट्रीय दल), महेंद्र कुमार (निर्दलीय), मोहम्मद शब्बन (निर्दलीय)