बांदा-बहराइच हाईवे पर शनिवार की दोपहर करीब दो बजे तेज रफ्तार डीसीएम ने साइकिल सवार दो दोस्तों को कुचल दिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पपरेंदा पुलिस ने तिंदवारी के परसौड़ा गांव के पास ट्रक को रोककर ट्रक चालक और परिचालक को गिरफ्तार कर लिया। डीसीएम मिर्ची लादकर महाराष्ट्र जा रहा था।
http://
देहात कोतवाली प्रभारी अनूप दुबे ने बताया कि शनिवार की दोपहर करीब दो बजे करहिया गांव निवासी समर सिंह (18) साथी नंदकिशोर (25) के साथ साइकिल से लामा गांव आया था। दोपहर में दोनों साइकिल से घर वापस जा रहे थे, करहिया मोड़ पर कानपुर की ओर जा रहे मिर्ची लदे डीसीएमए ने उन्हें रौंद दिया। दोनों की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
समर सिंह के पिता जगदीश सिंह ने बताया कि बेटा दो भाइयों व तीन बहनों में चौथे नंबर का था। वह आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज में कक्षा 11 का छात्र था। घटना के बाद मां मंजू बेहाल हैं। नंदकिशोर के पिता लल्लू कोरी ने बताया कि बेटा चार भाइयों में सबसे बड़ा था। चार वर्ष पहले बेटे की शादी तिंदवारी थाना क्षेत्र अंतर्गत गोखरही गांव में हुई थी। बहू रेशमा गर्भवती है।
प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार साइकिल नंदकिशोर चला रहा था। इधर, देहात कोतवाली पुलिस की सूचना पर चौकी प्रभारी पपरेंदा रामू सिंह यादव ने परसौड़ा गांव के पास ट्रक को रोक लिया। डीसीएम मालिक बड़ागांव मछरिया निवासी दीपनारायण और चालक प्रदीप तिवारी को हिरासत में ले लिया है।