रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में जा रहे बाइक सवार तीन लोगों को गिट्टी से भरे ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार ताई-भतीजे की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठी रिश्तेदार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया।
पैलानी थाना क्षेत्र के सिंधन कलां गांव के राजकुमार (28) ताई चुनिया (65) व रिश्ते की भाभी अनुसुइया (35) को बाइक से लेकर पारिवारिक भाभी शांति के पिता के अंतिम संस्कार में अतर्रा कोतवाली के कैलाश नगर जा रहे थे। रास्ते में सुबह करीब 10 बजे बांदा शहर कोतवाली क्षेत्र के अतर्रा रोड स्थित महावीरन के आगे अतर्रा बाईपास चौराहे पर नरैनी रोड से गिट्टी लादकर आए ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे सड़क पर गिरकर राजकुमार और चुनिया की मौके पर ही मौत हो गई। पीछे बैठी अनुसुइया गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने अनुसुइया को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लिया है।
नगर क्षेत्राधिकारी राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि अतर्रा बाईपास चौराहे पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत हुई है। घायल महिला को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।