बांदा जिले के सिकहुला गांव में पानी लेने के दौरान महिला के साथ मारपीट की घटना में सपा के प्रतिनिधिमंडल ने पीड़िता से मुलाकात की और मामले की हकीकत जानी।
बांदा जिले के सिकहुला गांव में एक महिला को पानी लेने से मना करते हुए उसके साथ मारपीट की गई थी। इस मामले की रिपोर्ट जसपुरा थाने में दर्ज है। सपा मुखिया ने मामले का संज्ञान लेते हुए एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को सिकहुला गांव भेजा और पीड़िता से मिलकर हकीकत जानी।
विज्ञापन
मालुम हो कि सिकहुला गांव निवासी सीता देवी पत्नी पुत्तू सोनकर अपने खेत में मजदूर लेकर धान की पौध रोपाई कर रही थी। दोपहर के समय प्ञयास लगने की वजह से पास ही स्थित राजेंद्र सिंह उर्फ बड़ेलाला के निजी ट्यूबवेल में पानी पीने के लिए गई। ट्यूबवेल की चरही पर रखा लोटा जैसे ही पानी लेने के लिए उठाया, वैसे ही राजेंद्र सिंह और उसका पुत्र जितेंद्र उर्फ बउवा वहां पहुंचे और अभद्रता करने लगे और मारपीट की। पास में मौजूद कुछ लोगों ने मौके पर पहुंचकर बचाया। पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल ने पांच सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल का गठन करते हुए पीड़िता के घर भेजा। प्रतिनिधि मंडल ने बुधवार को मामले की हकीकत जानी। प्रतिनिधिम मंडल में राष्ट्रीय महासचिव विशंभर प्रसाद निषाद, सांसद हमीरपुर अजेंद्र सिंह लोधी के पुत्र, डॉ. रागनी सोनकर विधायक मछली शहर, डा. मधुसूदन कुशवाहा, प्रमोद निषाद विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष तिंदवारी समेत जिले के बांदा, हमीरपुर, महोबा, कानपुर देहात के साथ-साथ प्रदेश के कई जनपदों के पदाधिकारी शामिल रहे। राष्ट्रीय महासचिव विशंभर प्रसाद निषाद ने बताया कि उन लोगो ने पीड़िता से जानकारी हासिल की है, वह राष्ट्रीय अध्यक्ष को बताएंगे।