बांदा जिले में थाना जसपुरा के रामपुर गांव में मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे आकाशीय बिजली गिरने से छात्र गुलशन पुत्र रामपाल वर्मा (18) का निधन हो गया। छात्र जसपुरा में स्थित प्रहलाद सिंह स्मारक में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। वह एक वर्ष से आर्मी भर्ती की तैयारी कर रहा था।
दिन में मवेशी चराने के बाद अपने घर में मवेशियों को बांधकर आर्मी की तैयारी के लिए दौड़ने चला गया। तभी आकाशीय बिजली गिरने से छात्र की मौत हो गई। राहगीरों ने परिजनों को सूचना दी। मृतक का बड़ा भाई सुनील व पिता रामपाल वर्मा जम्मू में मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं।
घटना के बाद मां गौरी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता के पास महज 2 बीघे का पट्टा है। थाना प्रभारी जसपुरा राजेश नारायण ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसडीएम पैलानी लाल सिंह यादव ने बताया कि लेखपाल को भेजकर जानकारी ली जा रही है। मृतक के परिजनों को आर्थिक मदद दी जाएगी।