श्रद्धा और भक्ति के साथ निकली ज्वारा यात्रा
- फोटो : amar ujala
बांदा जिले में शारदीय नवरात्र के समापन पर बदौसा कस्बे में श्रद्धा और भक्ति के साथ ज्वारा विसर्जन किया गया। विभिन्न मोहल्लों से निकली ज्वारा यात्राओं में महिलाओं ने सिर पर ज्वारे रखे और बुंदेली उमांह व देवी गीत गाते हुए बागैन नदी पहुंचीं। इससे पहले देवाला में आरती की गई। ढोलक-नगड़िया की थाप और माता रानी के जयकारों से कस्बे का वातावरण भक्तिमय रहा।
बंगाली पुरवा, हड़हामाफी रोड, स्टेशन रोड, बांदा रोड, कर्वी रोड, नदी टोला, केवटरा और पुरानी बाजार सहित विभिन्न इलाकों से ज्वारा यात्राएं निकाली गईं। महिलाओं की टोलियां पारंपरिक गीत गाते हुए आगे बढ़ीं। श्रद्धालुओं ने रीति-रिवाजों के अनुसार बागैन नदी में ज्वारों का विसर्जन किया।