बांदा शहर स्थित कालूकुआं इलाके से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। कालूकुआं स्थित सिटी गार्डन में बृहस्पतिवार देर रात अचानक करंट की चपेट में आने से वहां तैनात गार्ड और उनके 30 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। बंद कमरे में दोनों के अचेत मिलने पर हड़कंप मच गया।
पिता से मिलने आया था बेटा, देर रात घटी घटना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान सिटी गार्डन में गार्ड के रूप में कार्यरत बाबूलाल (उम्र लगभग 55 से 60 वर्ष) और उनके 30 वर्षीय बेटे धीरू के रूप में हुई है। बाबूलाल पिछले काफी समय से सिटी गार्डन परिसर में बने एक कमरे में रहकर रखवाली का काम करते थे।
बंद कमरे से आ रही थीं आवाजें, ताला तोड़कर अंदर पहुंचे लोग
मृतक के परिजन धर्मपाल ने बताया कि रात करीब 10:45 बजे पड़ोसियों का फोन आया, जिससे हादसे की जानकारी मिली। पड़ोसियों ने बताया कि बाबूलाल के कमरे के अंदर से अजीब आवाजें आ रही थीं, लेकिन काफी देर तक खटखटाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला।
पुलिस जांच से साफ होगी वजह
घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों को तुरंत एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।