बांदा जिले में पुलिस अभिरक्षा से फरार होकर 13 वर्षों से कानून को चुनौती दे रहे एक लाख रुपये के इनामिया अभियुक्त को आखिरकार पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। जनपद की एसओजी और थाना मटौंध की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को भूरागढ़ बाईपास स्थित सोना खदान के पास मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार की देर रात मटौंध पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम भूरागढ़ बाईपास क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति व वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सोना खदान के पास एक संदिग्ध व्यक्ति अवैध तमंचे के साथ बैठकर शराब पी रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन अभियुक्त ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में अभियुक्त के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।