फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Banda: जेल रोड पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, पॉकलैंड मशीन के साथ चले हथौड़े-छेनी, दो किमी में लगा मलबे का ढेर

Wed, 28 May 2025 02:19 PM IST
हिमांशु अवस्थी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बांदा

सार

Banda News: अतिक्रमण हटाने पहुंचे अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण हटवाने के लिए लोगों को लगातार चेतावनी दी जा रही है। इसके बावजूद कई लोगों ने अतिक्रमण खुद से नहीं हटवाया है। अब प्रशासन को मजबूरी में पोकलैंड व जेसीबी लेकर अतिक्रमण हटवाना पड़ रहा है।
विज्ञापन
जेल रोड में हटवाया अतिक्रमण - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बांदा जिले में पुलिस लाइन तिराहा से क्योटरा तिराहे तक जेल रोड में बुधवार को भी अतिक्रमण पर प्रशासन का कहर बरपा। एडीएम व सीओ की उपस्थिति में पोकलैंड मशीन से कई दो व तीन मंजिला मकान ढहा दिए गए। इसके अलावा पूरे दिन व रात करीब आठ दिन से लोगों के हथौरे व छेनी अतिक्रमण पर चटक रहे हैं।

विज्ञापन

अतिक्रमण कर बनाए गए मकानों के मालिक शासन-प्रशासन में गोटियां फिट कर रहे हैं, लेकिन डीएम के आगे किसी की नहीं चल रही है। उनका कहना है कि उन्हें पूरी चौड़ी सड़क चाहिए। पुलिस लाइन तिराहा से क्योटरा पेट्रोलपंप तक पीडब्ल्यूडी ने दो माह पहले छह करोड़ रुपये खर्च कर सड़क का चौड़ीकरण कराया है।

दो माह से प्रशासन दे रहा है चेतावनी
अब सड़क पर लगे पोल को किनारे शिफ्ट किया जाना है। सड़क के दोनों तरफ लोगों ने दो या तीन मंजिला मकान बना लिए गए हैं। करीब दो माह से अतिक्रमण को लेकर प्रशासन की ओर से चेतावनी दी जा रही है। इसके बावजूद अतिक्रमण कर बनाए गए मकानों से लोगों का मोह नहीं जा रहा है। हालांकि कई लोगों ने अपने छज्जे आदि तोड़ लिए हैं।

तीन दिन का दिया गया था मौका
इसके बावजूद कई मकानों में अंदर दो से तीन मीटर तक अतिक्रमण चिह्नित किया गया है। प्रशासन ने रविवार के दिन पांच जेसीबी लेकर अतिक्रमण हटवाया था। कुछ लोगों के मिन्नत करने पर तीन दिन का मौका दिया गया था। पिछले तीन दिनों से लोगों के घरों में दिन रात हथौड़े व छेनियां चटक रही हैं। बुधवार को सुबह सात बजे से ही एडीएम राजेश कुमार अपनी पूरी टीम व पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।

जबरन बाहर निकालकर चलाई पोकलैंड मशीन
स्वराज कॉलोनी गली तीन से अतिक्रमण हटवाने का अभियान शुरू किया। इस बीच पोकलैंड के जरिए कई तिमंजिला व दो मंजिला मकान ध्वस्त कर दिए गए। मकानों के अंदर घुसे लोगों को अधिकारी बाहर हटने की चेतावनी देते रहे, लेकिन कई लोग निकलने को तैयार नहीं हुए। उन्हें जबरन बाहर निकालकर पोकलैंड मशीन चलाई गई। इस बीच दोनों तरफ से सड़क को सील कर दिया गया था।

बिजली गुल, गर्मी में बेहाल रहे लोग
अतिक्रमण हटवाने के लिए प्रशासन ने सिविल लाइन और स्वराज कालोनी, जेल रोड आदि की बिजली कटवा दी। भीषण गर्मी के बीच लोग घरों में घुसे रहे। इस इलाके की पूरे दिन बिजली नहीं आई। उधर, पोकलैंड मशीन से मकान ध्वस्त करते समय बिजली के दो पोल भी उखड़ गए। बिजली विभाग पोल बदलेगा तब कहीं यहां की आपूर्ति शुरू हो सकेगी।

हर तरफ नजर आया मलबा ही मलबा
जेल रोड में पुलिस लाइन तिराहा से क्योटरा पेट्रोलपंप तक दो किलोमीटर दायरे में मलबा ही मलबा नजर आया। लोग खुद से मकान तोड़ रहे हैं और मलबा सड़क पर गिरा रहे हैं। इस मार्ग पर सिर्फ घन, हथौ व छेनियों की गूंज सुनाई दे रही है।
विज्ञापन

अतिक्रमण हटवाने के लिए लोगों को लगातार चेतावनी दी जा रही है। इसके बावजूद कई लोगों ने अतिक्रमण खुद से नहीं हटवाया है। अब प्रशासन को मजबूरी में पोकलैंड व जेसीबी लेकर अतिक्रमण हटवाना पड़ रहा है। इसका जो भी हर्जा-खर्चा होगा, वह अतिक्रमणकारियों को ही भुगतना पड़ेगा।  -राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी, बांदा
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें