पुलिस भर्ती परीक्षा में पास कराने के नाम पर जौनपुर के तीन लोगों ने 35 लाख की ठगी कर ली। खाली चेक, प्रमाणपत्र और स्टांप पेपर ले लिया। पीड़ित की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पैलानी थाना क्षेत्र के निवाइच गांव निवासी दिलीप द्विवेदी ने पुलिस अधीक्षक को तहरीर देकर बताया कि उसने बिहार व यूपी पुलिस में भर्ती होने के लिए जौनपुर के केराव गांव निवासी कोमल तिवारी से संपर्क हुआ था।
कोमल के बताने पर उसने उसके दो अन्य साथियों प्रवीण रंजन और राघवेंद्र तिवारी से बातचीत हुई। इस पर दिलीप और उसके छोटे भाई सतीश द्विवेदी को नौकरी दिलाने के नाम पर कोमल कुमार के खाते में यूपीआई के माध्यम से दो बार 25 लाख और 10 लाख रुपये दिए थे।
एक ब्लैंक चेक, प्रमाणपत्र व स्टांप भी हस्ताक्षर कराकर जमा करा लिया था। अब पैसा और प्रमाण पत्र मांगने पर चेक बाउंस कराने की धमकी दी जा रही है। पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। पीड़ित ने तीनों के खिलाफ पैलानी थाने में ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पैलानी थाना इंस्पेक्टर सुखराम सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना की जा रही है।