लावारिस मिला बलवंत का लोडर, थाने में कराया खड़ा
जिस लोडर से बलवंत सिंह चोकर लेने गया था, वह पुलिस को अलियापुर के पास लावारिस हालत मिला है। पुलिस ने लोडर को शिवली थाना परिसर में खड़ा करा दिया है। सोमवार को बलवंत गांव के ही गुड्डू व राम के साथ चोकर लेने लोडर से सचेंडी स्थित एक फ्लोर मिल गया था। गुड्डू ने बताया कि चोकर लादकर मिल से आधा किलोमीटर दूर पेट्रोल पंप तक पहुंचे थे, तभी एक निजी गाड़ी से आकर पुलिस वालों ने बलवंत व राम को पकड़ लिया था। गुड्डू वहां से घर पहुंचा और इसकी जानकारी परिजनों को दी थी। लूट की घटना के वादी व बलवंत के चाचा चंद्रभान ने बताया कि जब वह रनियां थाने पहुंचे, तो वहां चोकर लदा लोडर वहीं खड़ा था। पुलिस वाले थाने में बलवंत के साथ मारपीट कर रहे थे। विरोध करने पर सभी को भगा दिया था। बाद में बलवंत के की हत्या खबर मिली थी।
बलवंत का केस निशुल्क लड़ेंगे अधिवक्ता
बलवंत के परिजनों से मिलने रविवार को सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र प्रताप सिंह चौहान, जिला बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री मुलायम सिंह यादव, रमेश चंद्र गौर, टिल्लू पाल व प्रधान प्रदीप कमल पहुंचे। बलवंत के पिता मुन्ना सिंह व चाचा अंगद सिंह से कहा कि अधिवक्ता निशुल्क इस केस की लड़ाई परिजनों के साथ मिलकर लड़ेंगे। मौके पर महेंद्र यादव, अनुज पाल, राघवेंद्र यादव, योगेश शर्मा, एईशु सिह चंदेल, सुरेंद्र सिंह चंदेल मौजूद रहे।