कानपुर में गोविंदनगर विधानसभा उप चुनाव के लिए बसपा ने संगठन स्तर पर पूरी तैयारी कर ली है, इंतजार सिर्फ एक अदद उम्मीदवार का है, जिसकी खोज अभी बाकी है। इस बीच पता चला है कि प्रत्याशियों की खोज के सिलसिले में 27 को कानपुर के बसपा पदाधिकारियों का एक दल पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती से मिलने लखनऊ भी जाएगा।
रविवार को पार्टी की समीक्षा बैठक गोविंदनगर क्षेत्र में एक गेस्ट हाउस में हुई। इस मौके पर कानपुर, झंासी, चित्रकूट जोन इंचार्ज जितेेंद्र संखवार ने बताया कि 27 से रोजाना पांच सेक्टरों में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक होगी। इसके लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी भी सौंपी गई।
उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि प्रत्येक सेक्टर में बैठक करके बूथ के हिसाब से भाईचारा बनाएं, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग पार्टी से जुड़ सकें। इस दौरान लोगों की समस्याएं सुनी जाएं, हरसंभव हो निस्तारण भी कराया जाए। पदाधिकारियों ने सड़कों पर जानवरों के टहलने से हो रहे एक्सीडेंट को लेकर प्रदेश सरकार की निंदा की।
बैठक में जोन इंचार्ज मुकेश कठेरिया, जिला अध्यक्ष राम शंकर कुरील, महानगर अध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा, जिला प्रभारी एसपी टेकला, पन्नालाल जायसवाल, राम नारायण निषाद, आरके भास्कर, मनोज दिवाकर, हरनारायण कुशवाहा, बबलू चौधरी, असलम भाई, नूर बानो, शशिप्रभा गौतम, राधेश्याम, रामेंद्र सिंह चंदेल उपस्थित रहे।