कानपुर। वैशाली एक्सप्रेस में खिड़की के पास वाली सीट पर बैठकर नई दिल्ली जा रही युवती से सेंट्रल के आउटर पर गुरुवार देर रात लुटेरों ने बैग लूट लिया। बैग में साढ़े ग्यारह हजार रुपये व कुछ जरूरी कागजात थे। साथ में सफर कर रहे युवती के पिता ने सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स पर पोस्ट कर घटना की शिकायत की है।
पोस्ट करने वाले संतोष शुक्ला के अनुसार उन्हें बस्ती से गाजियाबाद जाना था। साथ में बेटी ईशा भी थी। सहरसा जंक्शन, बिहार से नई दिल्ली जाने वाली 12553 वैशाली एक्सप्रेस में सवार हुए थे। वह एस-टू कोच में 12 व 13 नंबर सीट पर थे।
ट्रेन गुरुवार देर रात 1:28 बजे सेंट्रल स्टेशन पहुंचने वाली थी। आउटर के समीप ट्रेन धीमी गति से चल रही थी। तभी एक बदमाश आया और उसने खिड़की से हाथ डालकर बेटी के हाथ से हैंडबैग छीन लिया। उन्होंने शोर मचाया लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। हैंडबैग में 11500 रुपये व आधार कार्ड समेत अन्य जरूरी कागजात थे। जीआरपी इंस्पेक्टर का कहना है कि उन्हें कोई तहरीर नहीं मिली है। शिकायत आने पर कार्रवाई की जाएगी।