आईआईटी के वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव अंतराग्नि के समापन समारोह में रविवार की रात बॉलीवुड के मशहूर सिंगर बादशाह ने धमाल मचाया। दूधिया रोशनी के बीच प्रोनाइट ग्राउंड पर उन्होंने एक से बढ़कर एक गाने गाए, जिस पर आईआईटीयंस झूमकर नाचे। सुर से सुर मिलाया और साथ-साथ गाने की कोशिश की। वहीं, इससे पहले अंतराग्नि का अंतिम दिन जोश और उत्साह से लबरेज रहा। अंतराग्नि आइडल और जिटबर्ग नृत्य प्रतियोगिता में भी ऊर्जा से भरे प्रदर्शन हुए। शानदार फेस्ट में अमर उजाला मीडिया पार्टनर है।
आईआईटी में 17 अक्तूबर से आयोजित चार दिवसीय महोत्सव रविवार को संपन्न हो गया। अंतिम दिन बालीवुड सिंगर बादशाह ने शानदार आवाज का जादू बिखेरा। स्टेज पर आते ही उन्होंने डीजे वाले बाबू मेरा गाना बजा दे..., चले जब तू लटक मटक..., तेरे प्यार मैं चमकू जैसे जुगनू...जैसे गाने गाकर सभी को थिरकने पर मजबूर कर दिया। इस दौरान खचाखच भरे प्रोनाइट ग्राउंड पर आईआईटीयंस ने खूब उत्साह दिखाया। इससे पहले दिन में जिटरबग फिनाले में प्रतिभागियों ने नृत्य का शानदार प्रदर्शन किया। सिंक्रो स्टेज पर दोपहर में आयोजित कलर रन ने माहौल में इंद्रधनुषी रंग बिखेरे। इवेंट ग्राउंड में सामाजिक बुराइयों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। इसके अलावा अंतराग्नि आयडल, बैटल ऑफ आर्ट, हेल्म क्विज, डिबेट और बॉयलर रूम जैसी कई प्रतियोगिताएं हुईं।
संगीत व अभिनय से प्रतिभागियों ने जीता दिल
अंतिम दिन संगीत प्रेमियों के लिए प्रतियोगिता हुई। इसमें प्रतिभागियों ने सुरीली आवाज से सभी को मंत्रमुग्ध किया। मिमिका प्रतियोगिता में कलाकारों ने अपने अभिनय से सभी का दिल जीत लिया। बास्केटबाल कोर्ट में साइकिल स्टंट शो हुआ। यहां प्रतिभागियों ने ऊंची छलांगों से दर्शकों को रोमांचित किया। वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने प्रतिभा दिखाई।
पबजी, रियल क्रिकेट में दिखाई प्रतिभा
महोत्सव में मोबाइल गेमिंग में दिलचस्पी रखने वालों को भी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। इसके लिए हुई बीजीएमआई प्रतियोगिता में पबजी, रियल क्रिकेट जैसे गेम्स खेले गए। पैर ऑन स्टेज फिनाले में प्रतिभाशाली जोड़ियों ने अनोखे प्रदर्शन से सभी को मंत्रमुग्ध किया। मंडला आर्ट प्रतियोगिता में कलाकारों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा दिखाई।
साइलेंट डिस्को ने देर रात भरा रोमांच
बादशाह के कार्यक्रम के बाद भी अंतराग्नि में जश्न का सिलसिला चलता रहा। टैलेंट फिएस्टा इवेंट्स ग्राउंड में सिंक्रो स्टेज पर साइलेंट डिस्को का आयोजन हुआ। इसमें वायरलेस हेडफोन के साथ प्रतिभागियों ने संगीत व नृत्य का आनंद लिया। द क्लब में आयोजित बॉयलर रूम के साथ रात 3 बजे तक कार्यक्रम चलते रहे।