कानपुर। भगवतदास घाट स्थित स्व. चंद्रबली पांडेय चंदू पहलवान के अखाड़े में मंगलवार को नागपंचमी पर दंगल आयोजित हुआ। इसमें कानपुर के बबलू पहलवान ने झांसी के सोमवीर पहलवान को मुल्तानी दांव लगाकर परास्त किया। दंगल में करीब 25 कुश्ती लड़ी गईं। इसमें कानपुर, कन्नौज, दिल्ली, उन्नाव, झांसी आदि स्थानों से आए पहलवानों ने अपना दमखम दिखाया।
दंगल की शुरुआत अखाड़े का पूजन और पहलवानों का हाथ मिलवाकर पूर्व कानपुर केसरी, अखाड़ा संचालक और आयोजक दिनेश पहलवान ने की। पहली कुश्ती कन्नौज केसरी जितेंद्र पहलवान और बनारस के राजू पहलवान के बीच हुई। दोनों के बीच काफी देर तक हुई जोर आजमाइश के बाद जितेंद्र ने कलाजंग दांव मारकर राजू पहलवान को चित किया।
पूर्व कानपुर केसरी रहे दिनेश पहलवान और गाजियाबाद के बंटानी पहलवान के बीच कांटे का संघर्ष रहा। इसमें दिनेश के टांग कला दांव के आगे बंटानी पहलवान चित हो गए। कानपुर के विकास पहलवान ने धोबी दांव लगाकर उन्नाव के बालचंद्र पहलवान को चित किया। उन्नाव के रूपेश ने दिल्ली के छोटू पहलवान को रामबाण दांव मारकर चित किया।
उन्नाव के अर्जुन पहलवान ने झांसी के लल्ला पहलवान को निकाल दांव से हराया। वहीं, कानपुर के बबलू पहलवान ने झांसी के रविंद्र पहलवान को ढाक दांव मारकर चित किया। इस मौके पर मुख्य संयोजक समाचार वितरक समाज के मोनू पंडित, राजकुमार पांडेय, हेमराज पहलवान, हर्षित यादव, दिनेश पहलवान, विकास पहलवान, बबलू पहलवान आदि मौजूद रहे।
उधर, चंद्रिका गुरु जनहित सोसायटी के तत्वावधान में गुप्तार घाट अखाड़े में हुई कुश्ती में पहलवानों ने दमखम दिखाया। मुख्य अतिथि सिद्धनाथ घाट के बाल योगी अरुणपुरी चैतन्य महाराज, रामजानकी मंदिर सरसैया घाट के महंत गोविंदनाथ महाराज ने पूजन कर कुश्ती की शुरुआत की।
इसके बाद कानपुर, उन्नाव, झींझक, बांदा, पानीपत के पहलवानों ने दांव लगाकर विरोधियों को हराया। इस दौरान दर्शकों को खूब तालियां बजाईं। समापन पर पनकी महंत कृष्णादास महाराज व जितेंद्र दास महाराज ने पहलवानों को आशीर्वाद दिया। इस मौके पर प्रधान सेवक प्रमोद तिवारी, बालमुकुंद तिवारी, अशोक तिवारी, राहुल वाजपेयी समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।