पुलिस गिरफ्त में पांच हजार का इनामी बच्चा कोल
- फोटो : अमर उजाला
साढ़े पांच लाख के इनामी डाकू बबुली कोल गैंग के सदस्य लालापुर निवासी डाकू बच्चा कोल को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया है। उस पर पांच हजार का इनाम व नयागांव मप्र समेत चित्रकूट जिले के कई थानों में आधा दर्जन अपहरण, धमकी, रंगदारी और फिरौती वसूलने व मारपीट के मामले दर्ज हैं।
यूपी के चित्रकूट जिले में आईजी रीवा उमेश जोगा व एसपी सतना संतोष गौर के निर्देश पर नयागांव थाना प्रभारी के पी त्रिपाठी की टीम ने थानाक्षेत्र के लालापुर गांव के पास डकैतों की मौजूदगी की सूचना पर घेराबंदी की। अपने घर लालापुर में मौजूद डाकू बच्चा कोल ने पुलिस को देखते ही भागने का प्रयास किया लेकिन उसे पकड़ लिया गया।
बच्चा कोल पुत्र श्रीफल उर्फ रामफल की कई साल से तलाश थी। वह पहले यूपी व एमपी से 80 हजार के इनामी चुन्नी पटेल उर्फ मेहमान के साथ रहता था। चुन्नी के मारे जाने के बाद से बच्चा जंगल छोड़कर भाग गया था। 2015 में डाकू चुन्नी पटेल गैंग के साथ तेंदू पत्ता तोड़ान का काम कर रहे बालाघाट मप्र के नवेगांव रामचापली निवासी ठेकेदार शंकर लाल पुत्र सिरवत लोधी को पीटकर रंगदारी मांगी थी।