इटावा के चौबिया थाना क्षेत्र के गांव कबूली निवासी श्री पाल की पत्नी निर्मला 30 सितम्बर 2015 को अपने घर से बाजार करने के लिए बसरेहर आ रही थी तभी रास्ते में एक बाबा उसे मिल गया। बाबा उसे बातों में फसाकर अपने साथ ले गया। निर्मला के घर न पहुंचे पर परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन उसका कोई सुराग नही लग सका।
बाबा निर्मला को गुजरात कानपुर के अलावा अन्य स्थानों पर घुमाता रहा। बाद में वह औरैया जिले के वसुधरा गांव में लेकर रहने लगा। बाबा निर्मला को किसी से मिलने नहीं देता था। वह उसे बंधक बनाकर रहता था। कुछ दिन पूर्व महिला को मौका मिल गया और उसने बाबा से मिलने आने वाले एक व्यक्ति को अपना पता देकर घर पर खबर करने की विनती की।
उस व्यक्ति ने निर्मला के पति को सूचना दी। पति ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने छापा मारकर महिला को बरामद कर लिया। महिला ने बताया कि बाबा उसे बंधक बनाकर रखता था जैसे ही उसे मौका मिला उसने एक व्यक्ति के माध्यम से पति को खबर करा दी बाद में पुलिस ने उसे उसके चंगुल से मुक्त कराया।