ओरन (बांदा)। बदौसा थाना क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना में बन रहे मकान के लिए शुक्रवार की सुबह बालू लेने गए पांच किशोर बालू का टीला ढहने से दब गए। हादसे में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि चार अन्य मामूली रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा कि बालू ठेकेदार द्वारा दौड़ाने पर सभी किशोर टीले के नीचे छिपकर बैठ गए थे, तभी टीला ढह गया था।
बदौसा क्षेत्र के भदावल गांव में सुबह करीब नौ बजे रामदास साहू का बेटा नत्थू प्रसाद (16), संतराम साहू का बेटा राकेश, रामचरित साहू का बेटा गोरे, लक्कू साहू का बेटा दीपू और मूलचंद्र यादव का बेटा महेश बोरियों में बालू लेने गांव के नजदीक स्थित बागै नदी की भदावल खदान के पास अमराई घाट गए थे। आरोप है कि इसी बीच बालू खदान के लोगों द्वारा उन्हें दौड़ा लिया गया। पांचों किशोर डरकर बालू के गड्ढे की आड़ में छिपकर बैठ गए। तभी टीला ढह गया और पांचों किशोर उसमें दब गए।
आसपास के लोगों ने सभी को बाहर निकाला। निजी वाहन से जिला अस्पताल ले जाते समय नत्थू की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम हुआ। अन्य चार किशोर ज्यादा चोट न आने से घर भेज दिए गए। मृतक नत्थू प्रसाद ओरन स्थित गांधी राजकीय इंटर कॉलेज में 10वीं का छात्र था और अपने माता-पिता का एकलौता पुत्र था।