कानपुर। बिधनू में मझावन चौकी क्षेत्र के एक गांव में शनिवार शाम घर के बाहर बैठी बीए की छात्रा को कार सवार चार युवकों ने छेड़छाड़ करते हुए खींचने का प्रयास किया। शोर सुन छात्रा की बहनों के विरोध किया तो आरोपियों ने छात्रा समेत उसकी बहनों को पीट दिया। छात्रा की तहरीर पर पुलिस छेड़खानी व मारपीट की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर रही है।
छात्रा के अनुसार वह रमईपुर स्थित कॉलेज में बीए की छात्रा है। आरोप है कि गांव के ही अतुल कुशवाहा, आशुतोष, सुमित और मुकेश आए दिन कॉलेज आते-जाते समय छेड़छाड़ करते हैं। शनिवार की शाम वह घर के बाहर बैठी थी तभी कार से घर के बाहर रुकी और आरोपी अश्लील इशारे करने लगे। बाद में चारों ने छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध पर कार में खींचने का प्रयास किया।
शोर मचाने पर दोनों बहनें घर से बाहर निकल कर बचाने का प्रयास करने लगीं जिस पर आरोपियों ने उन्हें पीटा और पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। बिधनू इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।