छत्रपति शाहू जी महाराज विवि के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) में चार चरण की काउंसलिंग के बाद भी पांच ब्रांच में सीटें रिक्त थीं, जबकि आईटी, ईसीई में सभी सीटें फुल हो गई हैं।
जिन ब्रांच में सीटें खाली रह गई थीं, उनमें प्रवेश के लिए विवि प्रशासन ने यूपीएसईई के साथ जेईई मेंस के रैंकर को भी स्पॉट काउंसिलिंग के लिए आमंत्रित किया था। आवेदन के बाद गुरुवार को सीटों का अलॉटमेंट हुआ।
यूआईईटी के निदेशक डॉ. आरएन कटियार ने बताया कि पांच ब्रांच में करीब 84 सीटें रिक्त बची थीं। इसके लिए 100 से अधिक आवेदन आए हैं। गुरुवार को तीन ब्रांच की सभी सीटें फुल हो गई हैं।
केमिकल इंजीनियरिंग में करीब 8 और एमएसएमई में करीब 30 सीटें रिक्त हैं। इनमें प्रवेश के लिए शुक्रवार को सीट आवंटन किया जाएगा। शुक्रवार तक ही छात्र इसके लिए आवेदन भी कर सकते हैं। देर शाम सीट अलॉटमेंट की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।