कानपुर यूनिवर्सिटी ने बीएड और एमएड एग्जाम 2015-16 के रिजल्ट गुरुवार को घोषित कर दिए। वेबसाइट kanpuruniversity.org पर जाकर रिजल्ट देखे जा सकते हैं। कुछ कॉलेज ऐसे हैं, जिनके प्रैक्टिकल मार्क्स नहीं मिल सके थे। इसका हवाला देते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने रिजल्ट रोक दिए हैं। अब प्रैक्टिकल मार्क्स आएंगे, फिर थ्योरी के साथ मिलाकर रिजल्ट जारी किए जाएंगे।
कानपुर यूनिवर्सिटी कैंपस और 250 संबद्ध डिग्री कॉलेजों के करीब 25 हजार स्टूडेंटों ने सितंबर-अक्तूबर में परीक्षा दी थी। इन कॉलेजों का दायरा कानपुर नगर और कानपुर देहात सहित यूपी के 14 जिलों में फैला है। इस बार केंद्र बदले गए थे। ज्यादातर परीक्षाएं राजकीय, अनुदानित डिग्री कॉलेजों में कराई गई थीं। नकल नहीं हो सकी थी। इसका असर बीएड, एमएड के रिजल्ट पर पड़ा है। तमाम कॉलेज ऐसे हैं, जिनके 50 फीसदी स्टूडेंट फेल हो गए। इसकी शिकायत यूनिवर्सिटी तक पहुंची है। कुछ कॉलेज संचालकों ने कॉपी जांचने में मनमानी के आरोप लगाए हैं। साथ ही कहा है कि अवार्ड लिस्ट मिलने के बाद कॉपी नए सिरे से जांचने की मांग की जाएगी।