झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर सोमवार दोपहर डंपर की चपेट में आने से बीकॉम के अंतिम वर्ष के छात्र अनुज उर्फ भोला साहू (21) की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और नगरवासियों ने शव हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस लोगों को समझाकर जाम खुलवाने में जुटी है।
विज्ञापन
कस्बे के किदवई नगर निवासी संतू साहू का बेटा अनुज सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे घर से बांदा रोड स्थित अपने पिता की कबाड़ की दुकान पर जा रहा था। सड़क पार करते समय डिवाइडर के पास वह डंपर की चपेट में आ गया। आरोप है कि उल्टी दिशा से आ रहा तेज रफ्तार डंपर उसे कुचलता हुआ निकल गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अनुज की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। गुस्साए परिजनों और नगरवासियों ने शव हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। पुलिस लोगों को समझाने के प्रयास में जुटी है।