रसूलाबाद। कानपुर-रसूलाबाद रोड पर पहाड़ीपुर के पास रविवार दोपहर तेज रफ्तार वाहन ने ऑटो में टक्कर मार दी। ऑटो खड्ड में पलट जाने से चालक की मौत हो गई। पीछे बैठी एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। शिवली थाना क्षेत्र के औनाहा नुनारी बहादुरपुर निवासी सुशील कुमार (45) रविवार दोपहर एक बजे के करीब शिवली से सवारी बैठाकर रसूलाबाद की ओर आ रहे थे। पहाड़ीपुर के पास पहुंचने पर ऑटो में तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। ऑटो सड़क किनारे खड्ड में पलट जाने से चालक व मालपुरवा निवासी सवारी प्रीति पाल (17) गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस दोनों को रसूलाबाद सीएचसी ले आई। यहां डॉ. शैलेंद्र ने सुशील कुमार को मृत घोषित कर दिया जबकि प्रीति की हालत नाजुक देखते हुए हैलट कानपुर नगर रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी पर सीएचसी आईं ऑटो चालक की पत्नी लीला देवी, बेटी दीपिका, अनामिका व परिजन शव देख कर रोने लगीं। लीला देवी ने बताया कि पति के पास महज दो बीघा जमीन थी, इससे परिवार का भरण-पोषण करने में परेशानी होने पर एक सप्ताह पहले ही पति ने ऑटो खरीदा था। करीब चार साल पहले सड़क हादसे में बेटे हिमांशु की मौत हो गई थी और अब सड़क हादसे में पति की जान चली जाने से उनकी आजीविका पर भी संकट छा गया है।
रसूलाबाद थानाध्यक्ष एसएन सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हादसा कर भागे वाहन चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।