रनियां। थाना क्षेत्र के रायपुर बंबे के पास पीछे से डंपर ने ऑटो में टक्कर मार दी। ऑटो पलटने से एक अधेड़ की मौत हो गई, जबकि चालक सहित पांच अन्य सावरियां बाल-बाल बच गई हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मूलरूप से थाना गजनेर के विलसरायां निवासी नरेंद्र सिंह उर्फ इंद्रेश (52) अपने परिवार के साथ कानपुर के कर्रही में रहते थे। बुधवार को वह गांव विलसरायां धान की तौल कराने आए थे। इसके बाद वह ऑटो से घर जा रहे थे। रायपुर बंबा पहुंचते ही अचानक ऑटो पलट गया। इसके नीचे दबे नरेंद्र उर्फ इंद्रेश की मौत हो गई। अन्य सावरियां बाल-बाल बच गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि डंपर के पीछे से टक्कर मारने से ऑटो पलटा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इधर, अधेड़ की मौत की खबर मिलते ही पत्नी रेखा देवी, बेटी पारूल, प्रियंका, प्राची, बेटा प्रांशु का रो रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी महेंद्र पटेल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।