">http://
बेटे को रात का हवाला देकर वापस घर भेज दिया
तय साजिश के तहत हत्यारोपी पिता नौ अक्तूबर को अपने गांव पहुंचा और किशोरी को अपने साथ दिल्ली ले जाने की बात अपने बेटे को बताई। बेटा अपनी बहन और पिता को छोड़ने बेला तक आया। यहां रात करीब साढ़े आठ बजे भांजे के मिलने के बाद पिता ने बेटे को रात का हवाला देकर वापस घर भेज दिया।
बेटी को शक हुआ और उसने विरोध किया
इसके बाद यहां तीनों ने कोल्डड्रिंक पी और बेटी को अगले दिन दिल्ली चलने की बात कहकर अपनी बहन के घर रुकने को कहा। बहन के गांव पहुंचने से पहले रास्ते में एक सुनसान जंगल में पिता ने भांजे से बाइक रोकने को कहा, जब बेटी को शक हुआ और उसने विरोध किया, तो पिता ने उसका हाथ जोर से दबोच लिया।
फावड़े से गड्ढा खोदकर शव को जमीन में दफनाया
इसके बाद पिता ने उसका गला घोंट दिया और पास ही पानी भरे गड्ढे में उसे डुबोकर उसके सिर के ऊपर लात रख दिया, ताकि उसकी सांसें पूरी तरह थम जाएं। मौत सुनिश्चित होने के बाद आरोपी पिता और भांजा बहन के घर पहुंच गए। देर रात रास्ते में आवाजाही कम होने पर दोनों दोबारा घटनास्थल पर लौटे और फावड़े से गड्ढा खोदकर शव को जमीन में दफना दिया।
दूसरी पत्नी की बेटी थी मृतक
पुलिस जांच में सामने आया कि हत्यारोपी पिता ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी से एक बेटा है। पत्नी ने बाद में किसी अन्य से दूसरी शादी कर ली। इसके बाद आरोपी ने दूसरी शादी की, जिससे तीन बेटियां थीं। इन्हीं तीनों बेटियों में दूसरे नंबर की बेटी की हत्या की गई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता अगले दिन गांव में ही रुका और 11 अक्तूबर को दिल्ली भाग निकला।
शराबी भांजे ने खोला राज
यह पूरा मामला तब बेनकाब हुआ जब हत्यारोपी का भांजा शराब के नशे में एक दिन घर पहुंचा। शराब के अत्यधिक नशे में उसने अपनी मां और पत्नी को हत्या की पूरी दास्तान सुना दी। धीरे-धीरे यह बात गांव के प्रधान तक पहुंची और प्रधान की सूचना पर थाना पुलिस हरकत में आई, जिसके बाद इस भयानक हत्याकांड का खुलासा हुआ।
ये था पूरा मामला
बेला थाना क्षेत्र के गांव दलपपुर के जंगल में मिले युवती के शव का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। घर से बार-बार जाने से नाराज पिता ने साले के बेटे के साथ मिलकर बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी थी। वारदात अंजाम देने के बाद शव जंगल में ले जाकर गड्ढे में शव गाड़ दिया था।
जमीन खुदवाकर किशोरी का शव बरामद किया
एसपी अभिषेक भारती ने सदर कोतवाली में बेला थाने क्षेत्र में हुई हत्या का खुलासा करते हुए बताया कि 20 सितंबर को गांव ऊसराहा के प्रधान की सूचना पर बेला थाना पुलिस ने गांव दलपपुर के मोड़ के पास बबूल के पेड़ों के बीच वन विभाग की जमीन खुदवाकर एक अज्ञात किशोरी का शव बरामद किया था।
वायरल फोटो से शव की शिनाख्त
पुलिस शिनाख्त के प्रयास में जुटी थी कि तभी कन्नौज के एक गांव निवासी युवक ने सोशल मीडिया पर वायरल हुई फोटो से शव की शिनाख्त 16 वर्षीय अपनी बहन के रूप में की। युवक ने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने बहन को दिल्ली ले जाने के बहाने बेला छोड़ा था और रात होने पर उसे बेला थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी बुआ के बेटे के साथ आगे भेज दिया था।
बिना बताए अक्सर घर से चली जाती थी बेटी
पुलिस ने किशाेरी के भाई की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। मंगलवार को कैथावा मोड़ के पास से पुलिस ने पिता व बुआ के बेटे को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पिता ने बताया कि वह दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी करता है। उसकी बेटी बिना बताए अक्सर घर से चली जाती थी।
दोनों को न्यायिक हिरासत में इटावा जेल भेज दिया
इससे समाज में उसकी बेइज्जती हो रही थी। इसी बात से तंग आकर अपने साले के बेटे के साथ मिलकर साजिश रची और दलपपुर के जंगल में गला दबाकर बेटी की हत्या कर दी। पहचान मिटाने के लिए शव को फावड़े से गड्ढा खोदकर जमीन में गाड़ दिया। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में इटावा जेल भेज दिया गया।