औरैया जिले में शहर के 50 शैया युक्त जिला अस्पताल के चिकित्सकों की मनमानी को लेकर सीएमएस ने वेतन काटने की कार्रवाई की है। इसमें बिना अनुमति के ड्यूटी से गैरहाजिर रहने वाले पांच चिकित्सकों व एक लिपिक का वेतन काटा गया है। जबकि दो चिकित्सकों को लेटलतीफी पर चेतावनी दी गई। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार लगातार जोर दे रही है। वहीं, 50 शैया युक्त जिला अस्पताल के चिकित्सकों की मनमानी रुकने का नाम नहीं ले रही है।
इसे देखते हुए सीएमएस ने सख्त कार्रवाई अमल में लाई है। मार्च माह में बिना अनुमति के अनुपस्थित मिले पांच चिकित्सकों में डॉ.श्वेता डंडेलिया का एक दिन का वेतन काटा गया है। डॉ.अवधेश कटियार का मार्च में सात दिन व मई माह में पांच दिन का वेतन काटा गया है। इसके साथ ही मार्च माह में डॉ. नीलिमा थहगल का पांच दिन, डॉ. विनोद कुमार का 10 दिन, डॉ.कीर्ति नरबरिया का पूरे मार्च माह का वेतन काटा गया है।