औरैया जिले में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के भदसान चौकी अंतर्गत हजारीपुर गांव में शनिवार की देर शाम घने कोहरे के बीच एक छह वर्षीय बच्चा लावारिश हालत में मिला। सूचना पर गश्त कर रहे भदसान चौकी के आरक्षी अमर सिंह व जगदीश कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे और बच्चे से पूछताछ की। बच्चे ने अपना नाम अभय बताया तथा माता का नाम सुलेखा और पिता का नाम संजू बताया, लेकिन वह अपने गांव व घर की सही जानकारी नहीं दे सका।
पुलिस कर्मियों ने घने कोहरे के बावजूद बच्चे को मोटरसाइकिल पर बैठाकर हजारीपुर गांव समेत आसपास के क्षेत्रों में उसके परिजनों की तलाश की, पर कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद सुरक्षा की दृष्टि से बच्चे को अजीतमल कोतवाली लाया गया। कोतवाली में भी पुलिस ने परिजनों की तलाश जारी रखी। इसी दौरान वहां पहुंचे एक अधिवक्ता ने पिता के नाम के आधार पर बच्चे के अजीतमल कस्बे के राजीव नगर निवासी संजू का पुत्र होने की आशंका जताई। पुलिस ने तत्काल संजू की तलाश कर उसे सूचना दी।