मोटर्स वर्कशॉप में लगी भीषण आग
- फोटो : अमर उजाला
दीपावली की रात थाना क्षेत्र में रेहान मोटर्स की वर्कशॉप में भीषण आग लग गई। वर्कशॉप से ऊंची-ऊंची लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें देख लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।सूचना मिलने पर दमकल विभाग की करीब पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे तक कड़ी मशक्कत कर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। दमकलकर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे रहे।
सूचना पर दिबियापुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थिति पर नजर बनाए रखी। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया। वर्कशॉप में आग लगने से शुरुआती अनुमान के मुताबिक 50 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। वर्कशॉप में खड़े वाहन और सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, आग पूरी तरह बुझने और वर्कशॉप का निरीक्षण होने के बाद ही नुकसान का सही आकलन हो सकेगा। प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पीड़ित की ओर से दी गई जानकारी और जांच के बाद ही नुकसान का सही आकलन हो सकेगा।