घटना स्थल पर मौजूद ग्रामीण व पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
ग्राम पंचायत समायन के मजरा नगरिया में शनिवार सुबह गांव के बाहर खेत में एक किसान का लहूलुहान शव पड़ा मिला। घटना स्थल पर खून से सना डंडा और शराब की बोतल भी मिली। जिसके चलते परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। गांव निवासी अनिल दोहरे (45) शुक्रवार किसी काम से दोपहर में घर से निकला था। इसके बाद शाम तक वापस घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। शनिवार सुबह कुछ ग्रामीण खेतों की तरफ गए तो उन्हें विनोद कुमार के गेहूं के खेत में खून से लथपथ एक शव दिखा। जानकारी पाकर आसपास के गांवों के लोगों की भीड़ लग गई।
घटना की सूचना पाकर सीओ बिधूना पुनीत मिश्रा व थानाध्यक्ष जीतमल चौधरी पुलिस के साथ माैके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर घटनास्थल पर जांच की और साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है मृतक का दायां पैर टूटा हुआ है और उसमें गहरे घाव हैं। सिर में गहरा घाव होने से खून रिस रहा था। मौके पर खून से सना डंडा व शराब व पानी की खाली बोतल व नमकीन का पाउच भी मिला। एक चप्पल शव के पास तो दूसरी चप्पल करीब 50 मीटर दूरी पर सिंचाई के लिए बनी नाली में पड़ी मिली। उस पर भी खून लगा है।
पुलिस ने मृतक के बड़े भाई सालिगराम व ग्रामीणों से जानकारी की। इस बीच पुलिस ने पूछताछ के लिए कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है। मृतक के बड़े भाई सालिगराम ने बताया कि अनिल की पत्नी ऊषा करीब तीन माह पूर्व बेटी कीर्ति (10) व बेटे अमरदीप (4) के साथ अपने मायके चमरौआ ककोर गई थी। पति की मौत की सूचना पर सुबह वह एरवाकटरा थाने पहुंची। उसने बताया कि औरैया में अपनी बहन कांती के बेटे गुलशन की शादी में शामिल होने गई थी। तब से वह बहन के घर पर ही थी। आरोप है कि दिसंबर माह में पति अनिल का सामंत नाम के एक व्यक्ति का विवाद हुआ था। इसके अलावा किसी से कोई रंजिश नहीं है। ऊषा ने हत्या की आशंका जताई है।