औरैया जिले में स्थित सेंट्रल बैंक की कंचौसी शाखा में शुक्रवार को सीसीटीवी के शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग की चपेट में आकर फाइलें, लैपटॉप, फर्नीचर आदि जल गए हैं। शुक्रवार को बैंक के अंदर से धुआं उठता देख आसपास अफरातफरी मच गई।
क्षेत्र के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और आग बुझाने में जुट गए। गनीमत रही कि आग स्ट्रांग रूम तक नहीं पहुंची। एसओ दिबियापुर, फायर ब्रिगेड औरैया ने सफाई कर्मचारी के साथ मिलकर ताला तोड़ा। बगल के विद्यालय से बुझाने के सिलिंडर लाए तब आग पर काबू पाया जा सका।
सूचना मिलने पर शाखा प्रबंधक कमल वर्मा, फील्ड अफसर सुमित बाबू आदि मौके पर पहुंचे। शाखा प्रबंधक ने बताया कि फाइलें, लैपटॉप, फर्नीचर आदि जल गए हैं, काफी नुकसान हुआ है। सिस्टम जलने से आज बैंक का काम होना असंभव है। लाइन ठीक करने के लिए निजी मैकेनिक बुलाए हैं।
सोमवार से काम हो सकता है। गेट पर बैठकर अधिकारी लोगों को काम न होने के बारे में बताते रहे। उधर, कंचौसी क्रासिंग बंद होने से एसएचओ दिबियापुर व बैंक के अधिकारियों को दो सौ मीटर पैदल चलकर बैंक पहुंचना पड़ा। इससे उन्हें खासी दिक्कत झेलनी पड़ी।