मैरिज होम के अंदर इतने बड़े अजगर को देखकर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। संचालक की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद अजगर का सकुशल रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया।
मैरिज होम खोलते ही सामने बैठा मिला अजगर
गेस्ट हाउस संचालक शीलू श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार सुबह जब उन्होंने मैरिज होम का मुख्य दरवाजा खोला और अंदर दाखिल हुए, तो वहां एक विशाल अजगर बैठा हुआ दिखाई दिया। इतने बड़े अजगर को देखकर वह बेहद घबरा गए और तुरंत पीछे हटकर आसपास के लोगों को अलर्ट किया। इसके बाद उन्होंने बिना देरी किए घटना की जानकारी वन विभाग को दी।
कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग ने किया रेस्क्यू
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम दल-बल के साथ मौके पर पहुँची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अजगर काफी भारी-भरकम और लंबा होने के कारण उसे पकड़ने में टीम को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। अंततः टीम ने सुरक्षित तरीके से अजगर पर काबू पा लिया।
सुरक्षित जंगल में छोड़ा गया
वन विभाग की टीम के अनुसार रेस्क्यू किए गए अजगर की लंबाई लगभग 15 फीट थी। पकड़े जाने के बाद अजगर को वन क्षेत्र में ले जाकर सुरक्षित छोड़ दिया गया, जिसके बाद मैरिज होम संचालक और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। रेस्क्यू टीम में अन्नू भदौरिया, गजेंद्र सिंह, आरक्षी इकरार खान, विनय कुमार समेत वन विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।