हरदोई के हरियावां थाना क्षेत्र के ग्राम सधिनावां में हिस्ट्रीशीटर जिलाबदर के घर की महिलाओं ने दबिश देने आई पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। एसआई और सिपाही की वर्दी फाड़ दी। तीन आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। ग्राम सधिनावां निवासी विनय मिश्रा हिस्ट्रीशीटर है।
जिला प्रशासन ने कुछ दिन पहले उसे छह माह के लिए जिला बदर किया था। हरियावां पुलिस को जानकारी मिली कि विनय जिला बदर होने के बाद भी घर पर मौजूद है। थाने के उपनिरीक्षक अनिल कुमार पंकज, सिपाही मोनू व धर्मेंद्र कुमार सोमवार सुबह उसके घर पहुंचे।
पुलिस ने विनय से थाने चलने को कहा तो उसने अभद्रता कर इनकार कर दिया। पुलिस ने उसे पकड़ा तो उसकी पत्नी और मां ने एसआई अनिल और सिपाही मोनू की वर्दी फाड़ दी। हरियावां के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र मोहन सरोज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और विनय, उसकी मां व पत्नी को हिरासत में ले लिया। बाद में विनय की मां और पत्नी को छोड़ दिया गया। विनय पर कुल नौ मामले दर्ज हैं। उस पर तमंचा बरामदगी का मामला दर्ज कर जेल भेजा गया है।